संतकबीरनगर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खलीलाबाद के अधीक्षक और जिला कारागार के चिकित्सक डॉ. वरुणेश दुबे पर केस दर्ज होने के चार दिन बाद बृहस्पतिवार को सीएचसी में ही पुलिस ने पत्नी का डॉक्टरी मुआयना कराया। पत्नी ने डॉक्टर पर अश्लील वीडियो बनाकर बेचने का आरोप लगाया था। परीक्षण के बाद पेन ड्राइव में सारे अश्लील वीडियो रखकर जांच अधिकारी को सौंप दिया।
कोतवाली खलीलाबाद के पुलिस के बुलाने पर चिकित्सक की पत्नी शिंपी पांडेय अपने भाइयों के साथ कोतवाली खलीलाबाद पहुंची। वहां से उन्हें चिकित्सकीय परीक्षण के लिए महिला पुलिस के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खलीलाबाद भेजा गया। दोपहर करीब 1:10 बजे उनका चिकित्सकीय परीक्षण किया गया। इस दौरान उनके परिजन भी मौके पर मौजूद रहे। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद दोपहर दो बजे वह वापस कोतवाली पहुंची, जहां पर एक पेन ड्राइव में उन्होंने इस मामले के जांच अधिकारी जयराम सिंह यादव को वीडियो और अन्य साक्ष्यों की फुटेज जांच के लिए सौंपी। इसके बाद वह वापस चली गईं। वहीं अधीक्षक डॉ. वरुणेश दुबे इस दौरान सीएचसी खलीलाबाद में मौजूद नहीं थे।
विवेचक उपनिरीक्षक जयराम सिंह यादव ने बताया कि चिकित्सक की पत्नी का डाॅक्टरी मुआयना कराया गया है, साथ ही साथ उनसे पेन ड्राइव में सारे साक्ष्य लिए गए हैं। उनसे घटना के बारे में बयान दर्ज किया गया। वहीं चिकित्सक की पत्नी ने बताया कि उनका केवल मेडिकल कराया गया है। पेन ड्राइव में सारे साक्ष्य विवेचक को दिए गए हैं। मेरा कोई बयान दर्ज नहीं हुआ है। मुझे जो भी बयान देना होगा वह मैं पूरी तरह से लिखित तौर पर दूंगी। बयान दर्ज करने से चिकित्सक की पत्नी के इनकार करने के बारे में जब विवेचक से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि घटना के बारे में पूछताछ की गई है। इसके साथ यह भी कहा गया है कि अगर कुछ छूट गया है तो वह लिखित तौर पर उनको दे सकती हैं।
-
चिकित्सकों और कर्मचारियों की लगी रही भीड़
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खलीलाबाद के अधीक्षक डॉ. वरुणेश की पत्नी शिंपी पांडेय जब चिकित्सकीय परीक्षण के लिए सीएचसी खलीलाबाद में पहुंची तो वहां पर उन्हें देखने वालों की भीड़ लग गई। स्थिति यह थी कि चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान आकर चिकित्सालय के कर्मचारी और चिकित्सक भी उन्हें देख रहे थे। जब वह जाने लगी तो उनके पीछे-पीछे लोग तब तक देखते रहे जब तक वह वहां से चली नहीं गईं।
-
पति का डाॅक्टरी परीक्षण कराने की मांग
चिकित्सक की पत्नी ने शिंपी ने कहा कि मैंने जो आरोप लगाए हैं, उन आरोपों की पुष्टि के लिए मेरे पति डॉ. वरुणेश का भी चिकित्सकीय परीक्षण कराया जाना चाहिए। इसके बाद मेरे भी आरोपों की पुष्टि हो जाएगी। वह क्या-क्या अप्राकृतिक कार्य करते थे। उन्होंने पुलिस प्रशासन से चिकित्सकीय परीक्षण करके आरोपों की पुष्टि करने की मांग की है।
-
आखिर किस अकाउंट में जाते थे पैसे
पुलिस अब इस मामले में इस बात की जानकारी भी जुटाने में लगी हुई है कि आखिर अश्लील वीडियो से मिलने वाले पैसे किस अकाउंट में जाते थे। कारण यह है कि विभिन्न सोशल मीडिया अकाउंट से जो लिंक मिलता था, उसे खोलने पर पोर्न वीडियो देखने और डाउनलोड करने के लिए पैसे मांगे जाते थे। जब यह पैसे ऑनलाइन भेजे जाते थे, तब वह किसी अकाउंट में ही जाते थे।