बिड़हर घाट का निरीक्षण करते डीएम-स्रोत सूचना
धनघटा। डीएम आलोक कुमार व एसपी संदीप कुमार मीना ने सोमवार को बिड़हरघाट का निरीक्षण किया। इस दौरान पांच नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर्व को लेकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि बिड़हरघाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान के लिए आते हैं, इसके मद्देनजर व्यवस्था चाक चौबंद रखी जाए।
निरीक्षण के दौरान डीएम व एसपी ने घाट पर साफ-सफाई, श्रद्धालुओं के आवागमन के रास्तों पर यातायात व्यवस्था का सुचारू संचालन, सड़क सुरक्षा, गोताखोर की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था सहित संबंधित व्यवस्थाओं व सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए। ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्नान पर्व पर होने वाले रूट डायवर्जन, स्नान स्थल तक के मार्ग में प्रकाश, स्वच्छता एवं अन्य व्यवस्था की जानकारी ली।
डीएम ने कहा कि स्नान पर्व पर ऐसी व्यवस्था हो जिससे किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। सुरक्षा के लिए स्नान घाट पर पुलिस सुरक्षा के इंतजामों पर जानकारी ली। घाट पर जल पुलिस, महिला पुलिस, पीएसी, बोट, प्रकाश व अन्य सुरक्षा लगाई जाएगी। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मार्ग में जगह-जगह बैरिकेडिंग की जाएगी। डीएम ने घाट की साफ-सफाई का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसडीएम धनघटा डॉ. सुनील कुमार, सीओ धनघटा प्रियम राजशेखर पांडेय, तहसीलदार धनघटा राम जी, ओएसडी राकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।