प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजबब्बर ने मेंहदावल के जगतगुरु शंकराचार्य इंटर कॉलेज के परिसर में ‘27 साल यूपी बेहाल’ रथ यात्रा के क्रम में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि 27 वर्षों से उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार न आने के कारण सपा, बसपा, भाजपा जैसे दलों ने उत्तर प्रदेश की आवाम को ठगने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर प्रदेश की जनता का दोहन हुआ है। अपराध का बोलबाला, गुंडाराज की स्थापना, भय, भूख, भ्रष्ट्राचार ने प्रदेश के विकास को अवरूद्ध कर दिया है। हालात आज यह हैं कि एक तरफ केंद्र की सरकार जुबानी विकास की गंगा बहा रही है तो दूसरी तरफ प्रदेश की अखिलेश सरकार प्रदेश की जनता को बिजली समस्या, सिंचाई के साधन, बेरोजगारी आदि मुद्दों पर फेल साबित हुई है। अल्पसंख्यक समाज खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है तो वहीं अन्य तबकों का भी शोषण हो रहा है। सूबे की सरकार अपराधियों को संरक्षण देकर जनता के बीच झूठी उपलब्धियां गिना रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सर्वसमाज के हित में हमेशा फैसला किया है, पर गैर कांग्रेसी सरकारों ने प्रदेश के विकास को अवरुद्ध कर अपनी कुर्सी सलामत रखने की नीयत से जनता के साथ विश्वासघात करने का कार्य किया है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनकरी, सिंचाई के साधन, खाद -बीज, जैसे संसाधन से जूझ रही प्रदेश की जनता झूठे वादे कर दगा देने वाली प्रदेश सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लेकर कांग्रेस के पक्ष मे लामबंद हो रही है।
27 वर्षों से गैर कांग्रेसी राजनीतिक दलों के लुभावने वादों पर सत्ता की चाभी सौैपने वाली उत्तर प्रदेश की जनता सबकुछ समझ चुकी है। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि लोगों के खातों में 15-15 लाख रुपये भेजने का वादा करने वाली केंद्र सरकार ने लोगों का मजाक उड़ाने का कार्य किया है। केंद्र में सत्तारूढ़ सरकार ने एक भी चुनावी वादा पूरा नही कर पाई। महंगाई चरम पर पहुंच गई। आम जनता की थाली से दाल गायब हो गई। देश के प्रधानमंत्री महंगे सूट पहनकर अमेरिका दौरा करते हैं और उसे नीलाम कराकर गिनीज बुक में अपना नाम दर्ज कराने में लगे हुए हैं।
इधर देश की जनता महंगाई से निजात के लिए केंद्र सरकार की तरफ देख रही है। अनुसूचित जाति एवं जनजाति के अध्यक्ष पीएल पुनिया व राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने कहा कि देश की जनता गैर कांग्रेसी सरकारों के कार्यों से त्रस्त है। पीएम मोदी जनता की अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर पा रहे। कांग्रेस की सरकारों ने जहां देश व प्रदेश में विकास का खाका खींचने का कार्य किया, सर्वसमाज के हित में महत्वाकांक्षी योजनाएं चलाईं वहीं सपा, बसपा व भाजपा की सरकारों ने प्रदेश को विकास के मुहाने पर ले जाने की जगह स्वयं के विकास पर ध्यान दिया। योजनाओं में भ्रष्टाचार बढ़ा है। इससे पूर्व मेंहदावल पहुंची रथ यात्रा का स्वागत कांग्रेस जिलाध्यक्ष परवेज खान के नेतृत्व में हुआ।