हास्पिटल तिराहे से नंदौंर मार्ग के नगर पंचायत सीमा तक बना पिच मार्ग डेढ़ साल में गड्ढों में तब्दील हो गया। सड़क गड्ढों में तब्दील होने से बरसात में जहां जल जमाव का कारण बना हुआ है वहीं दोयम दर्जे के निर्माण की भी पोल खुल रहा है। लाखों रुपये की लागत से सड़क और डिवाइडर का निर्माण कराया गया था। लोगों ने जिला प्रशासन से सड़क की गुणवत्ता की जांच कराके कार्रवाई करने की मांग की है ।
मेंहदावल नगर पंचायत के हास्पिटल तिराहे से नगर पंचायत सीमा तक आदर्श नगर योजना के तहत 95 लाख की लागत से मार्ग के चौड़ीकरण और पिच निर्माण तथा मार्ग के बीचों बीच डिवाइडर का निर्माण कार्य शुरू हुआ। कार्य पूर्ण होने के बाद 14 नवंबर 2014 को नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा इस मार्ग का उद्घाटन किया गया। आदर्श नगर योजना के तहत निर्मित यह मार्ग हास्पिटल तिराहे से तहसील के नगर पंचायत सीमा तक मार्ग के चौड़ीकरण डिवाइडर एवं इंटरलॉकिंग पटरी कार्य पर भारी भरकम धनराशि खर्च करने के बाद भी आदर्श योजना के नाम पर गुणवत्ता विहीन निर्माण कराकर नगर पंचायत की साख पर बट्टा लगाया जा रहा है। हालात यह है कि निर्माण के नौवे माह में ही आदर्श योजना की यह सड़क गड्ढों में तब्दील होकर जहां एक तरफ दुर्घटना को दावत दे रही है वहीं दूसरी तरफ आवागमन बाधित कर रही है। बरसात का पानी गड्ढों में भरकर नगर के विकास की पोल खोल रहा है। नगरवासी सोनू शाही, विशाल गुप्ता, जगरनाथ, मनोज कुमार, शक्तिमणि त्रिपाठी, धर्मेन्द्र पांडेय, विरेंद्र कुमार, सुुुनील कुमार आदि का कहना है कि गुणवत्ता विहीन कार्य इस नगर पंचायत की पहचान बन गई है। आदर्श नगर योजना के तहत बना तहसील मार्ग निर्माण के कुछ माह बाद ही गड्ढों में तब्दील होकर गुणवत्ता की पोल खोल रहा है पर स्थानीय प्रशासन कार्रवाई की जगह आंखें मूंदे हुए है। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी अपने स्तर से विकास कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराते हुए कार्रवाई सुनिश्चित करें।
इंसेट
हास्पिटल तिराहे से तहसील रोड नगर पंचायत सीमा तक आदर्श नगर योजना के तहत पिच मार्ग और डिवाइडर का निर्माण कार्य कराया गया था। इसकी गुणवत्ता को लेकर शिकायतें आ रही थी। मानक के अनुसार पिच मार्ग के निर्माण का निर्देश दिया गया था पर वर्तमान में मार्ग गड्ढों में तब्दील होने का मामला संज्ञान में है। शीघ्र ही नगर पंचायत द्वारा इस मार्ग को सुदृढ़ कराते हुए आवागमन के अनुरूप बनाया जाएगा।
उमाकांत मिश्र, अधिशाषी अधिकारी, नगर पंचायत