महराजगंज। नगर पंचायत चौक के सभासदों ने प्रभारी अधिशासी अधिकारी ओमप्रकाश यादव को ज्ञापन सौंपकर प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। सभासदों ने वित्तीय लेन-देन में पारदर्शिता की मांग करते हुए अध्यक्ष के फर्जी हस्ताक्षर से भुगतान होने की आशंका जताई है।
ज्ञापन में आशंका जताई गई है कि आउटसोर्सिंग कर्मचारी हस्ताक्षर की नकल कर भुगतान कर सकते हैं। सभासदों ने वित्तीय वर्ष 2023-24, 2024-25 व 2025-26 के आय-व्यय का पूरा विवरण सार्वजनिक करने की मांग की है। अन्य मांगों में बोर्ड बैठकों को सीसीटीवी निगरानी में कराने, हर बैठक में मजिस्ट्रेट की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा विभिन्न योजनाओं के खर्च का विवरण सदस्यों के समक्ष रखने और टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने की भी मांग की है। ज्ञापन देने वाले सभासदों में त्रिभुवन गुप्ता, हरिकेश, हरिलाल व सभासद प्रतिनिधि विशाल पुष्कर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।