धनघटा चौक पर हुए हादसे में जा चुकी है दो छात्राओं की जान
सड़क पर वाहन खड़ा कर चालक भरते हैं सवारी
धनघटा। धनघटा चौक पर बेतरतीब खड़े किए गए वाहन राहगीरों के लिए मुसीबत बने थे। सड़क के दोनों तरफ ऑटो चालकों के कब्जे के कारण चलना मुश्किल हो गया था, जिसके कारण दो महीने के भीतर साइकिल सवार दो छात्राओं की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। इसके बाद पुलिस सतर्क हुई, और अब सड़क खाली कराकर लोगों का आना-जाना आसान कर दिया।
अयोध्या से जनकपुर तक जाने वाला राम जानकी मार्ग और अंबेडकरनगर से संतकबीरनगर को जोड़ने वाला खलीलाबाद मार्ग व्यस्त मार्गों में शुमार है। इस मार्ग से होकर ट्रक और ट्रेलर आवागमन करते हैं, लेकिन धनघटा में कहीं पर स्थायी टैक्सी स्टैंड न होने से ऑटो चालक धनघटा चौक के आसपास वाहन खड़े करके सवरियां चढ़ाते व उतारते हैं। इसके कारण साइकिल सवार दो पहिया वाहन चालक को आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ती है। ऐसे में ट्रक और ट्रेलर चालक अपनी रफ्तार धीमा नहीं करते थे, तेजी के साथ लापरवाही पूर्वक आते-जाते हैं। इसका परिणाम है कि जनवरी में हैंसर बाजार निवासी धर्मेंद्र कुमार की 18 वर्षीय बेटी अंकिता कोचिंग से घर लौटते समय धनघटा मेन चौक पर ट्रक की चपेट में आ गई और उसकी जान चली गई।
उस समय भी पुलिस ने ऑटो चालकों के कब्जे से सड़क को मुक्त कराया था। थोड़े दिन बाद ऑटो चालकों ने फिर से सड़क पर कब्जा कर लिया। आने जाने वाले वाहन चालक यातायात नियमों का भी पालन नहीं करते हैं, जिससे पिछले महीने अनियंत्रित ट्रक एक दुकान में घुस गया और दुकान को भारी क्षति पहुंचाई।
इसी तरह बुधवार को कोचिंग पढ़ने जा रही मिठना सिठना निवासी अर्जुन यादव की 14 वर्षीय बेटी खुशबू की धनघटा चौक पर ही ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई, जिस दिन यह हादसा हुआ उसी समय एसपी संदीप कुमार मीना धनघटा थाने का मुआयना कर रहे थे। उन्होंने थाना प्रभारी को निर्देशित किया था कि ऑटो चालक सड़क की पटरी पर वाहन खड़े करके रास्ते को और अवरुद्ध न करने पाएं। अब पुलिस ने अभियान चला कर धनघटा चौक को खाली करा दिया।
राम दरस, दयाशंकर, अजय कुमार, रवि कुमार, रघुवंश, जयप्रकाश, मनोज आदि का कहना है कि धनघटा की सड़क पर ऑटो चालकों का कब्जा हो गया था, जिससे आना-जाना मुश्किल था, जिस तरह पुलिस ने इस समय अभियान चलाकर सड़क खाली कराई है। यदि इसी तरह सड़क हमेशा खाली रहे तो शायद चौक पर हादसा न हो।
इस संबंध में थाना प्रभारी दिलीप सिंह ने कहा कि सड़क पर किसी को अतिक्रमण नहीं करने दिया जाएगा। सुरक्षित यात्रा के लिए यातायात नियमों का पालन सभी को करना चाहिए।