संतकबीरनगर। दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में सर्दी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। शुक्रवार की सुबह घने कोहरे से चादर से ढकी रही। जिसके चलते वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। पछुआ हवा चलने से ठिठुरन भी बढ़ गई। अधिकतम तापमान दो डिग्री कम होकर 19 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी एक डिग्री गिरकर नौ डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। सुबह के समय कोहरे में 20 मीटर तक ठीक से नजर नहीं आ रहा था। इससे लोगों को आवागमन में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अभी दो से तीन दिन कोहरे का असर बना रहेगा।
पिछले तीन दिनों से कोहरे का असर दिख रहा है। सुबह के समय कोहरा इतना घना रहा कि आगे 20 मीटर तक साफ दिखाई नहीं दे रहा था। कोहरे और ठंड को देखते हुए प्रशासन ने कक्षा आठ तक के विद्यालयों को शुक्रवार को बंद कर दिया था। कोहरे के कारण लोगों का जन जीवन प्रभावित हो गया है। हाईवे से लेकर विभिन्न मार्गाें पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। बड़े वाहनों के पीछे लगकर छोटे वाहन चलने के लिए मजबूर हुए। दिनभर कोहरे का असर बने रहने से वाहन चालक हेड लाइट जलाकर चले। दूसरी तरफ सुबह से ही सूर्य के दर्शन नहीं हुए। इसके साथ पछ़ुआ हवा चलती रही, जिसके चलते ठंड से लोग ठिठुरते नजर आए। जो लोग रोजमर्रा की जरूरतों के लिए घर से बाहर आए वह लोग जहां पर भी अलाव जलता दिखा वहां ठहर गए और खुद को गर्म रखने का प्रयास करते नजर आए। शहर में नगर पालिका प्रशासन ने करीब 40 स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने खुद लकड़ी की व्यवस्था कर सर्दी से बचाव किया। गरीबों और मजदूर तबके के लोग खासे परेशान रहे। शहर के समय माता मंदिर के पास काम की तलाश में आए घरभरन, अशोक कुमार आदि ने बताया कि ठंड और कोहरे के चलते काम मिलने में मुश्किल हो रही है। काम मिल जाने पर भी ठंड के चलते परेशान होना पड़ रहा है।
0
फसलों के लिए फायदेमंद है कोहरा
कोहरे से जहां जन जीवन प्रभावित हुआ है वहीं किसान इससे खुश है। किसानों का मानना है कि कोहरे से गेहूं की फसल को फायदा होगा। किसान दशरथ यादव, राधेश्याम आदि ने कहा कि कोहरे से सिंचाई करने से राहत मिली है। इससे फसल का विकास भी तेजी से होगा।
0
अभी बना रहेगा कोहरे और ठंड का असर
कोहरे और ठंड का असर भी बने रहने की संभावना है। ऐसे में दो से तीन दिन राहत की उम्मीद नहीं है। लोगों को ठंड से बचाव के लिए कदम उठाने चाहिए। फसलों के लिए कोहरा फायदेमंद साबित होगा। -अमरनाथ मिश्र- मौसम वैज्ञानिक कुमारगंज अयोध्या
0
कोहरे व ठंड को देखते हुए सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलवाए जा रहे हैं। इसके साथ ही जहां पर और जरूरत होगी, वहां पर अलावा जलवाए जाएंगे। रैन बसेरा भी सक्रिय है, जहां पर लोगों के ठहरने के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। -अवधेश कुमार, ईओ, नगर पालिका खलीलाबाद
सुबह कोहरे का रहा असर, सड़कों पर कम ही दिखे लोग-संवाद