मेंहदावल। थाना क्षेत्र के एक रेस्टोरेंट पर हुई मारपीट के मामले में पुलिस फूंक फूंककर कदम रख रही है। सोमवार को सीओ और एसओ ने मौके पर पहुंचकर जांच की। अब तक इस मामले में केस दर्ज नहीं हो पाया है।
क्षेत्र के ढोढ चौराहे पर स्थित रेस्टोरेंट में रविवार की देर रात्रि दो पक्षों में मारपीट को लेकर सोमवार को पुलिस पूरे दिन जांच पड़ताल करती रही। मेंहदावल सीओ सर्वदवन सिंह, एसओ सुरेंद्र कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। दोनों पक्ष के लोगों से घटना के बारे में पूछताछ की। इस दौरान रेस्टोरेंट पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया। इस मामले में रेस्टोरेंट संचालक ने तहरीर दिया है। रेस्टोरेंट संचालक ने युवकों पर शराब के नशे में मारपीट करने, रेस्टोरेंट में काम करने वाली युवतियों से छेड़खानी व लूट का आरोप लगाया है। इसके साथ ही दूसरे पक्ष के लोगों ने रेस्टोरेंट संचालक पर गोलबंदी करके युवकों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया था। मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल है। गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में उसका उपचार चल रहा है। मेंहदावल थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि प्रकरण की गंभीरता से जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।