सीएम के कार्यक्रम स्थल पर लगाई गईं कुर्सियां। संवाद
धनघटा। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विधानसभा क्षेत्र धनघटा के बसवारी गांव में स्थित बाबा बैजनाथ मंदिर परिसर में बुधवार के शाम चार बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। अधिकारी और नेता कार्यक्रम स्थल पर जमे हुए हैं।
क्षेत्रीय विधायक गणेश चंद चौहान के मुताबिक पहली बार बगैर किसी चुनाव के कोई मुख्यमंत्री धनघटा की धरती पर पधार रहा है। योगी आदित्यनाथ के आगमन से क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी और अधूरे पड़े कार्य पूर्ण होंगे। मुख्यमंत्री क्षेत्र को प्रदेश के विकास की मुख्य धारा से निश्चित रूप से जोड़ेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन पर तैयारी के लिए मंडलायुक्त से लेकर एसडीएम तक कार्यक्रम स्थल पर निगाह जमाए हुए हैं। विधायक गणेश चंद चौहान भी अपने साथियों को लेकर कार्यक्रम स्थान को भव्यता देने में कोई कोर कसर नहीं रहने दे रहे हैं।
भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, पूर्व सांसद अष्टभुजा शुक्ला, जिलाध्यक्ष नीतू सिंह, जगदंबा लाल श्रीवास्तव, अशोक उर्फ साधु यादव, बद्री प्रसाद यादव, प्रमुख राम मिलन यादव, राजन राय, दुर्गा राय आदि लोग कार्यक्रम स्थल पर रहकर कार्य में सहयोग कर रहे हैं। विधायक गणेश चंद चौहान का कहना है कि मुख्यमंत्री क्षेत्र को विकास का नया आयाम देंगे। क्षेत्र की जनता मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए तैयार है।