लोहरैया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बसवारी गांव स्थित बैजूनाथ धाम शिवमंदिर आगमन को लेकर भाजपा संगठन और जनप्रतिनिधियों ने पूरी ताकत झोंक दी है। धनघटा विधायक गणेश चंद्र चौहान कार्यक्रम को लेकर तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। उन्हें विश्वास है कि मुख्यमंत्री का यह दौरा विधानसभा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष नीतू सिंह, खलीलाबाद विधायक अंकुर राज तिवारी, खजनी विधायक श्रीराम चौहान सहित पार्टी के अन्य नेता कार्यक्रम को सफल बनाने और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने में जुटे हैं। क्षेत्रीय जनता और श्रद्धालुओं को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री बाबा बैजूनाथ शिव मंदिर के विकास, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार तथा क्षेत्रीय आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने के लिए कोई महत्वपूर्ण घोषणा कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर ग्रामीणों का कहना है कि चुनावी दौर में तो नेताओं का क्षेत्र भ्रमण सामान्य बात है, लेकिन बिना किसी चुनावी कार्यक्रम के मुख्यमंत्री का आगमन क्षेत्र के विकास की संभावनाओं को बल देने वाला माना जा रहा है। द्वाबा क्षेत्र लंबे समय से विभिन्न मूलभूत सुविधाओं और विकास योजनाओं की प्रतीक्षा कर रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री का दौरा लोगों में नई उम्मीद जगा रहा है।