ओडीएफ घोषित गांवों की केंद्रीय टीम करेगी पड़ताल
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। जिले में इस वर्ष छह जून से पहले ओडीएफ घोषित हो चुके गांवों की केंद्रीय टीम जांच करेगी। इसके लिए पंचायतीराज विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी है। डीपीआरओ ने एडीओ पंचायत को ग्राम पंचायतों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए हैं। ग्राम प्रधानों व ग्राम पंचायत सचिवों को भी जांच से पहले गांव में निगरानी करने को कहा गया है।
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत जिले के 2.34 लाख घरों में शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। सभी 794 ग्राम पंचायतों के 1605 राजस्व गांवों में इसके लिए अभियान चल रहा है। पंचायतीराज विभाग ने सभी 794 ग्राम पंचायतों को ओडीएफ घोषित करने के लिए प्रस्ताव जिला प्रशासन को भेज दिया है। यह दीगर है कि अब भी तमाम गांवों में शौचालय निर्माण का कार्य चल रहा है। उधर, नेशनल एनुअल रुरल सेंपल सर्वे की टीम छह जून से पहले ओडीएफ घोषित गांवों का दौरा कर हकीकत जानेगी। डीपीआरओ आलोक प्रियदर्शी का कहना है कि केंद्रीय सर्वे टीम के नवंबर में ही आने की संभावना है। टीम छह जून से पहले ओडीएफ बने गांवों में जाएगी। इसे देखते हुए सभी एडीओ पंचायत को जरूरी तैयारी के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि टीम के सदस्य परिवारों की संख्या, बने शौचालयों की संख्या, शौचालयों की वर्तमान हालत, खुले में शौच जाने वालों की संख्या, शौचालय निर्माण के बाद भी उनका उपयोग नहीं करने का कारण आदि से संबंधित आंकड़े एकत्रित करेगी। टीम ग्रामीणों तथा अफसरों से भी इस विषय में जानकारी लेगी।