सपहा। रविवार की शाम नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर चार अंबेडकरनगर से महाराजगंज जिले के घुघली थाना क्षेत्र के पकड़ियार बिशुनपुर गांव में गई बरात में दूल्हे की गाड़ी के चालक का संदिग्ध हालात शव मिला है। सोमवार की रात शव उसके घर पहुंचा तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
अंबेडकरनगर (मदनपुर) निवासी रामनिवास के पुत्र रोहित की बरात महाराजगंज जिले के घुघली थाना क्षेत्र के पकड़ियार बिशुनपुर गांव गई थी। मदनपुर से दूल्हे की गाड़ी लेकर गए चालक शहर के पंडित राजमंगल पांडेय नगर (मुरलीपट्टी) निवासी जितेंद्र खरवार (35) का शव बरात से कुछ दूरी पर बरामद हुआ है। देर रात जब विवाह की रस्में पूरी हुईं और बरात की वापसी के लिए जितेंद्र खरवार की तलाश हुई तब उसका शव बरामद हुआ। सूचना पर आई पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोमवार रात युवक का शव घर पहुंचा तो परिवार में चीखपुकार मच गई। मृतक छह भाइयों में बड़ा था। मृतक जितेंद्र की पत्नी और तीन बेटी और एक बेटा है।