लोहरौली। दुधारा क्षेत्र के केवटलिया अशरफपुर में बुधवार की सुबह युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत परिजनों में कोहराम मच गया।
केवटलिया अशरफ निवासी रामबली (38) पुत्र स्वर्गीय गब्बू का शव गांव के लोगों ने पेड़ से लटका देखा तो इसकी सूचना मृतक के भाई राम प्रसाद को दी। देखते देखते वहां पर भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंचे राम प्रसाद ने शव की पहचान की। इसके बाद पुलिस पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से उतवाया। तहरीर में राम प्रसाद ने बताया कि उसका भाई मानसिक रूप से अस्वस्थ था और बिना बताए ही अक्सर कहीं चला जाता था। मंगलवार की रात बिना बताए कहीं चले गए थे। बुधवार सुबह 5 बजे उनका शव गांव में ही आम के पेड़ पर लटका हुआ मिला। प्रभारी निरीक्षक दुधारा अरविंद शर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।