मेंहदावल। नगर पंचायत के रहने वाले एक युवक का शव फंदे से लटका हुआ मिला। चाचा ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटना से परिवार के लोग सदमे में है। लोगों के रोने-बिलखने से हर किसी की आंखें नम हो जा रही हैं। प्राथमिक पूछताछ में आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ठाकुरद्वारा के रहने वाले गिरजेश पाठक पुत्र स्वर्गीय उमेश पाठक ने शुक्रवार की सुबह नौ बजे के करीब पुलिस को सूचना दी कि उनके भतीजे विकास पाठक (25) वर्ष पुत्र तारेश पाठक का शव फंदे से लटक रहा है। सूचना पर मौके पर प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। शव को कब्जे में लिया। घटना की वजह जानने के लिए पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
मृतक के चाचा गिरजेश पाठक ने बताया कि उनका भतीजा विकास गुड़गांव में नौकरी करता था। एक माह पहले वह छुट्टी पर घर आया था। सबकुछ सामान्य चल रहा था। युवक ने आत्महत्या किन परिस्थितियों में की, इसका स्पष्ट कारण पता नहीं चल सका है। पिता दिल्ली में एक प्राइवेट फर्म में काम करते हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद वहां से चल दिए हैं। मृतक का मूल गांव बखिरा थाना क्षेत्र के गांव छपिया है। मृतक बाबा जगदगुरु शंकराचार्य इंटर कॉलेज मेंहदावल में अध्यापक थे और नगर के ठाकुर द्वारा में जमीन लेकर मकान बनवाया, तभी से पूरा परिवार यहीं रहता है। कस्बे के सम्मानित परिवार के रूप में जाना जाता है।
प्रभारी निरीक्षक मेंहदावल सतीश कुमार सिंह ने कहा कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही घटना का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। रिपोर्ट मिलने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।