संतकबीरनगर। अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने शनिवार को थाना मेंहदावल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, अभिलेखों और पुलिस की कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।
प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह की मौजूदगी में हुए निरीक्षण के दौरान एएसपी ने अपराध रजिस्टर, महिला हेल्प डेस्क, पिंक बूथ, मालखाना, हवालात, शस्त्रागार और सीसीटीएनएस कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अभिलेखों को व्यवस्थित रखने और लंबित मामलों की विवेचनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
थाना परिसर की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को अनुशासन बनाए रखने के साथ ही थाने आने वाले फरियादियों से विनम्र व्यवहार करने के निर्देश दिए गए।
महिला सुरक्षा के मद्देनजर पिंक बूथ और महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। एएसपी ने बीट पुलिसिंग मजबूत करने, अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
उन्होंने थाना स्टाफ से पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने तथा आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।