तामेश्वरनाथ धाम में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते एडीजी गोरखपुर-स्रोत पुलिस
संतकबीरनगर। एडीजी जोन मुथा अशोक जैन ने शनिवार को एसपी संदीप कुमार मीना के साथ तामेश्वरनाथ शिव मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने तामेश्वरनाथ मंदिर का भ्रमण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, अग्नि सुरक्षा के उपाय, आपातकालीन निकास मार्ग तथा पुलिस बल की तैनाती का गहन निरीक्षण किया।
मंदिर परिसर एवं आसपास ड्यूटी में लगे पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को सतर्क रहकर ड्यूटी करने तथा श्रद्धालुओं से शालीन व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित निगरानी करने के आदेश दिए। अपराध नियंत्रण एवं लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण, रात्रि गश्त, पैदल गश्त एवं पिकेट ड्यूटी को प्रभावी बनाने की हिदायत दी। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ठोस कार्ययोजना, शीतकाल को देखते हुए अलाव के साथ ग्राम सुरक्षा समिति की बैठक के संबंध में चर्चा की। मिशन शक्ति के तहत ग्राम चौपाल एवं अन्य बिंदुओं की समीक्षा के दौरान पुलिस को अपराधियों पर कठोर कार्रवाई के लिए आदेशित किया। इस दौरान सीओ सिटी अमित कुमार, सीओ यातायात प्रियम राजशेखर पांडेय, कोतवाल पंकज कुमार पांडेय के साथ ही अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं तामेश्वरनाथ शिव मंदिर प्रबंध तंत्र के सदस्य उपस्थित रहे।