संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी नाबालिग को दूसरे गांव का आरोपी बहला-फुसलाकर भगा ले गया। आरोपी के परिजनों से शिकायत करने पर नाबालिग के पिता को गाली व जानमाल की धमकी दी गई। पुलिस मामले में तहरीर मिलने पर तीन के खिलाफ प्राथमिकी दर्जकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है।
पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़ित के पिता ने बताया कि उनकी नाबालिग लड़की को नहसापार गांव का निवासी सचिन बदनीयति से बहला-फुसलाकर भगा ले गया। आप-पास के लोगों से जानकारी मिलने पर जब वह उसके घर पर लड़की का पता लगाने गए तो आरोपी के चाचा पंकज व उनके मित्र सिकंदर ने उनको जाति सूचक शब्द का प्रयोग करते हुए गाली व जानमाल की धमकी दी। कोतवाल पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि मामले में तीनों आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।