हीरालाल इंटर कॉलेज से परीक्षा देकर बाहर निकलते टीजीटी के अभ्यर्थी। संवाद
संतकबीरनगर। प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) परीक्षा बुधवार को जिले के छह परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई। परीक्षा की दोनों पालियों में 4356 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 2573 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1783 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जिले में कुल उपस्थिति प्रतिशत 59.07 दर्ज किया गया।
जिला विद्यालय निरीक्षक उपेंद्र कुमार ने बताया कि प्रथम पाली में जिले के छह केंद्रों पर कुल 2160 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें 1220 अभ्यर्थी उपस्थित तथा 940 अनुपस्थित रहे। इस पाली में उपस्थिति प्रतिशत 56.48 रहा।
द्वितीय पाली में 2196 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें 1353 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी और 843 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में उपस्थिति प्रतिशत 61.61 दर्ज किया गया, जो प्रथम पाली की तुलना में अधिक रहा।
द्वितीय पाली में सबसे अधिक 69.16 प्रतिशत उपस्थिति हीरालाल रामनिवास इंटर कॉलेज खलीलाबाद केंद्र पर दर्ज की गई, जबकि सबसे कम 53.06 प्रतिशत उपस्थिति पीएम श्री गवर्नमेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज केंद्र पर रही। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का लगातार निरीक्षण कर परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया।
परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, कंट्रोल रूम और पुलिस बल को भी पूरी तरह सक्रिय रखा गया।