टीईटी आज, 9677 परीक्षार्थी होंगे शामिल
- जिले में 13 केंद्रों पर होगी परीक्षा, तैयारी पूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। शिक्षक पात्रता परीक्षा बुधवार को जिले में 13 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी। परीक्षा में 9677 परीक्षार्थी नामांकित हैं। परीक्षा सकुशल संपन्न कराने के लिए जोनल, सेक्टर व स्टेटिक मजिस्ट्रेट व पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। साथ ही पुलिस बल को भी परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डीआईओएस गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि 13 केंद्रों पर परीक्षा होगी। प्रथम पाली में 13 केंद्रों पर 6337 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जबकि द्वितीय पाली में सात केंद्रों पर 3340 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पूर्व गेट खोला जाएगा। केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा के दौरान केंद्र पर पूरी तरह से सतर्कता बरतें। डीएम रवीश गुप्त ने बताया कि परीक्षा में हर केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। साथ ही तीन सेक्टर व एक जोनल मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं। हर केंद्र पर सीसीटीवी कैमरा लगा है।