संतकबीरनगर। मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। बुधवार को बारिश न होने से लोग उमस भरी गर्मी से परेशान रहे। इस बीच अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने से उमस और बढ़ गई है। जो लोग घरों से निकले वह लोग पसीने से लथपथ नजर आए। हालांकि मौसम के जानकारों का कहना है कि अगले दो से तीन दिन बारिश की संभावना बनी हुई है।
मंगलवार को जहां अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं बुधवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। सुबह से ही तेज धूप होने से लोग उमस भरी गर्मी से परेशान रहे। कई लोग तो दिन में घर से नहीं निकले। जो लोग रोजमर्रा की जरूरतों के लिए बाहर आए, वह काफी परेशान दिखे। बारिश न होने से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। वजह यह है कि किसान धान की रोपाई कर चुके हैं और फसल को प्रतिदिन पानी की जरूरत है। किसान रामफल, सुधाकर आदि ने बताया कि धान की रोपाई कर लिए है। फसल को पानी की जरूरत है, लेकिन दो दिन से बारिश न होने से फसल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। महंगे डीजल खरीदकर सिंचाई कर पाना संभव नहीं है। दूसरी तरफ जिला अस्पताल में उल्टी-दस्त, बुखार आदि के मरीज बढ़ गए हैं। जिला अस्पताल में फिजीशियन डॉ. कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि प्रतिदिन 100 से अधिक मरीज आ रहे हैं। इनका इलाज करने के साथ परामर्श दिए जा रहे हैं कि बगैर जरूरत के धूप में न निकलें।
मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है, लेकिन अगले दो दिन तक बारिश की संभावना बनी हुई है। बारिश होने पर उमस भरी गर्मी से राहत मिलने के साथ ही किसानों को लाभ मिलेगा।
अमरनाथ मिश्र- मौसम वैज्ञानिक कुमारगंज अयोध्या