संतकबीरनगर। जिले में लगातार बढ़ती गर्मी, उमस और बारिश के बाद निकल रही तेज धूप का असर अब लोगों की आंखों पर भी दिखाई देने लगा है। जिला अस्पताल की नेत्र ओपीडी में इन दिनों मरीजों की संख्या बढ़ रही है। प्रतिदिन 80 से 120 मरीज आंखों की विभिन्न समस्याओं के साथ अस्पताल पहुंच रहे हैं।
जिला अस्पताल के वरिष्ठ नेत्र परीक्षण अधिकारी जीडी यादव ने बताया कि अत्यधिक गर्मी, धूल, तेज धूप और मौसम में अचानक हो रहे बदलाव के कारण आंखों में संक्रमण और एलर्जी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। मरीजों में आंखों में लालिमा, जलन, खुजली, पानी आना, धुंधला दिखाई देना, आंखों में भारीपन और ब्लैक स्पॉट (काले धब्बे दिखाई देना) जैसी शिकायतें अधिक मिल रही हैं।
उन्होंने बताया कि बारिश के बाद निकलने वाली तेज धूप और गर्म हवा से आंखों की प्राकृतिक नमी कम हो जाती है, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है। कई मरीज आंखों में हल्की जलन या लालिमा को सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन समय पर इलाज न मिलने पर यह समस्या गंभीर रूप ले सकती है।
बुधवार को ओपीडी में ऐसे मरीज भी पहुंचे, जिन्हें आंखों के सामने काले धब्बे (ब्लैक स्पॉट) दिखाई देने, तेज रोशनी में परेशानी और धुंधलापन महसूस होने की शिकायत थी। चिकित्सकों के अनुसार पानी की कमी (डिहाइड्रेशन), तेज धूप और लंबे समय तक खुले वातावरण में रहने से भी ऐसी समस्याएं बढ़ जाती हैं।
जीडी यादव ने लोगों से अपील की कि घर से बाहर निकलते समय यूवी प्रोटेक्शन वाले काले चश्मे का प्रयोग करें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं, आंखों को गंदे हाथों से न छुएं और तेज धूप में अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें। यदि आंखों में लगातार जलन, लालिमा, धुंधलापन, दर्द या ब्लैक स्पॉट दिखाई दें तो तुरंत नेत्र विशेषज्ञ से परामर्श लें। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में मरीजों की जांच के साथ आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ उपचार भी दिया जा रहा है।