मेंहदावल थाना क्षेत्र के एक गांव का मामला
मेंहदावल। थाना क्षेत्र के एक गांव में युवक ने घर में घुसकर किशोरी का यौन शोषण किया। पीड़ितों के द्वारा युवक के परिजनों से शिकायत की गई तो इस मामले में उन्हें धमकी दी गई। मेंहदावल पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ यौन शोषण, पाॅक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी गिरफ्तार कर लिया है।
मेंहदावल पुलिस को दी तहरीर में पीड़िता की मां ने बताया कि वह रविवार रात 9:00 बजे खाना खाकर कमरे में सोने चली गई। देर रात 11:00 बजे जसवंत यादव मेरे घर में घुस गया और मेरी नाबालिग पुत्री के साथ अश्लील हरकत करने लगा और यौन शोषण किया। मेरी नींद खुली तो पति को जगाया। शोर सुनकर पूरे परिवार के लोग जाग गए। इसी बीच मौका पाकर आरोपी भाग गया।
जब वह आरोपी के परिजनों से मामले की शिकायत करने पहुंचे तो उन्होंने गालियां देते हुए लाठी से मारने की नीयत से दौड़ा लिया। इस मामले में मेंहदावल पुलिस ने मुख्य आरोपी जसवंत यादव उसकी मां व पिता सुनील यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मेंहदावल थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे न्यायालय भेजा जा रहा है।