हर घर जल पहुंचाने के लिए बिछाई जा रही पाइप, बारिश ने और बढ़ाई मुसीबत
संतकबीरनगर। शहर के हर घर तक शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए करीब 100 करोड़ की परियोजना पर कार्य चल रहा है। पाइपलाइन बिछाने के लिए जगह-जगह जेसीबी से पटरियों की खोदाई की जा रही है और मलबा आसपास ही छोड़ दिया जा रहा है। इससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। इस बीच सोमवार को बारिश होने से परेशानी और बढ़ गई है। स्थिति यह है कि इस तरह के कार्य से राहगीर-दुकानदार सब परेशानी झेल रहे हैं।
मोहल्लों में पाइपलाइन बिछाने के बाद अब कार्यदायी संस्था ने मुख्य सड़कों की पटरियों की खोदाई कर पाइप डालने का कार्य शुरू किया है। खोदाई के चलते पटरियां पर लगी इंटरलाॅकिंग को भी हटाया जा रहा है, लेकिन फिर उसे लगाने की बजाय आसपास मलबे के रूप में छोड़ दिया जा रहा है।
इससे व्यापारी से लेकर राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। शहर के जूनियर हाईस्कूल से लेकर राजकीय इंटर कॉलेज तक सड़क की दोनों पटरियों पर उखाड़ी गई इंटरलाॅकिंग जगह-जगह बिखरी पड़ी है। इसी प्रकार की स्थिति गोला बाजार में भी देखने को मिली है। यहां खोदाई कर पाइप डालने का कार्य जल्द ही कराया गया है, लेकिन यहां भी पटरियों को ठीक करने कार्य नहीं किया गया है।
बरदहिया बाजार में भी पाइप बिछाने के बाद पटरियां नहीं बनाई गई है। वर्तमान में बनियाबारी के पास खोदाई कर पाइप बिछाई जा रही है। गोला बाजार निवासी महेश कुमार, राजकुमार, बरदहिया बाजार निवासी प्रमोद कुमार, मनोज कुमार आदि ने बताया कि पटरियां खोदकर पाइप बिछाने के बाद इंटरलाॅकिंग को फिर से लगाया जाना चाहिए, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। बारिश होने से फिसलन हो गई है, जिससे परेशानी झेलनी पड़ रही है।
0000000000000000000
शहर में पेयजल आपूर्ति के लिए पाइप बिछाई जा रही है। इसके चलते पटरियां खोदी जा रही हैं, लेकिन फिर से इंटरलाॅकिंग को व्यवस्थित नहीं कराया जा रहा है। इससे घर व दुकान से निकलने से लेकर आने-जाने में परेशानी झेलनी पड़ रही है।
-दिलीप कुमार, गोलाबाजार
00000000000
पेयजल परियोजना से राहत की उम्मीद है, लेकिन जहां पर काम हो रहा है वहां की पटरियां क्षतिग्रस्त होने से दिक्कत हो रही है। कार्य कराने के बाद पटरियाें पर इंटरलाॅकिंग कराया जाना आवश्यक है, ताकि समस्या से राहत मिल सके।
-धर्मेंद्र कुमार, मुखलिसपुर रोड
00000000000
मुख्य सड़कों के किनारे पाइप बिछाने का कार्य चल रहा है, जिसके कारण खोदाई की जा रही है। पाइप बिछाने के बाद जल्द ही पटरियों को दुुरुस्त करा दिया जाएगा।
-सभाजीत यादव, अवर अभियंता, जल निगम शहरी