बेलहरकलां। थाना क्षेत्र के बेलहरकलां गांव के करनहवा टोला में रंजिश में घर में पपीता काट रही युवती के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां माधुरी की तहरीर पर पुलिस ने तीन महिलाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
माधुरी के अनुसार, 11 अगस्त की शाम करीब 5:30 बजे उनकी बेटी सुंदरी घर में पपीता काट रही थी। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस की संगीता पत्नी कमलेश, सीमा पत्नी अखिलेश और गुड़िया पत्नी मुकेश रंजिश में घर पहुंचीं और सुंदरी को गालियां देने लगीं। विरोध पर तीनों ने उसके बाल पकड़कर मारपीट की।
घटना के समय माधुरी घर पर मौजूद नहीं थीं। सूचना मिलने पर वह घर पहुंचीं तो बेटी घायल हालत में मिली। इसके बाद वह उसका इलाज कराने ले गईं। आरोपियों ने थाने जाने पर जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची उनकी दूसरी बेटी संध्या के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। एसओ हरिकेश भारती ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक लालजी पासवान को सौंपी गई है।