दुधारा गांव निवासी 12 वर्षीय मोहम्मद जैद पुत्र मेहताब आलम मदरसे में कक्षा चौथी में पढ़ता था। शुक्रवार को वह खेत की तरफ जा रहा था।
दुधारा पीएचसी के सामने बीएमसिटी मार्ग पर सड़क पार करने की कोशिश कर रहा था, उसी दौरान मेंहदावल से बस्ती की तरफ जा रही एक तेज गति की कार ने उसे रौंद दिया।
इससे वह गंभीर रुप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक वाहन लेकर भागने लगा। उसी बीच कुछ युवकों ने बाइक से 12 किलोमीटर की दूरी तक पीछा बाघनगर के पास से वाहन के साथ चालक को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया।
इधर घायल किशोर को लोग सीएचसी सेमरियावां ले गए,जहां देखते ही चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। खबर पर पीड़ित परिजन भी मौके पर पहुंच गए और शव देख कर फफक पड़े।
मौके पर जुटी भीड़ की आंखें भर आई। थानाध्यक्ष सतानंद पांडेय ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है। वाहन के साथ चालक भी हिरासत में है। पीड़ित परिजनों की तरफ से मिली तहरीर के आधार पर वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।