सनी की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन।
धनघटा। धनघटा थाना क्षेत्र के दौलतपुर घाट पर रविवार को सरयू में स्नान के दौरान तीन लोग डूबने लगे। इन्हें बचाने गए 14 वर्षीय किशोर की माैत हो गई जबकि एक महिला भी डूबने लगी। बाद में दोनों लड़कियों, एक बालक को बचा लिया गया। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
धनघटा थाना क्षेत्र के रामपुर दक्षिणी के तिलहा टोला निवासी गीता (35) पत्नी हरिराम निषाद अपने बेटे सुंदरम (12) तथा परिवार की पुष्पा (19) पुत्री रामप्यारे निषाद, बलिराम निषाद की पुत्री मीना (18), करीना (17) और सनी (14) को के साथ दौलतपुर गांव के दक्षिण सरयू नदी में सुबह आठ बजे रविवार का स्नान करने गई थी। स्नान करने के दौरान गीता का बेटा सुंदरम पानी में डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में मीना व पुष्पा भी गहरे पानी में डूबने लगीं। उन्हें डूबते देख बाहर खड़ा सनी नदी में कूद पड़ा, लेकिन वह भी डूबने लगा।
इस दौरान वहीं पर स्नान कर रहीं गोरखपुर जिले के रापतपुर गांव निवासी किरण (40) पत्नी नंदलाल ने सनी को बचाने के लिए आगे बढ़ी लेकिन वह भी डूबने लगी। चीख-पुकार सुन वहीं मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए डूबे रहे लोगों को बचाने का प्रयास शुरू कर दिया। इसी बीच गीता ने दो साड़ियों को जोड़कर नदी में फेंका जिसके सहारे वहां पर मौजूद लोगों ने नदी से एक-एक करके पांच लोगों को बाहर निकाल लिया और इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैंसर भेजा गया।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद किरण की हालत को गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। स्थिति में सुधार आने पर उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। वहीं स्थानीय गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद सनी का शव बरामद कर सके।
सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रियम राजशेखर पांडेय, एसएचओ राम कृष्ण मिश्र, उप जिलाधिकारी धनघटा अरुण कुमार, तहसीलदार धनघटा योगेंद्र पांडेय फोर्स एवं स्थानीय गोताखोरों के साथ घाट पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।