संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। कृषि विज्ञान केंद्र बगही पर कृषि विशेषज्ञों के न रहने के कारण ताला बंद रहता है। इस स्थिति में किसानों को खेती की तकनीकी जानकारी नहीं मिल पाती है। जरूरतमंद किसान केंद्र पर जाने के बाद बैरंग लौटने को मजबूर हैं। मंगलवार को केंद्र पर उन्नतशील धान के संबंध में जानकारी लेने पहुंचे किसान नरेंद्र, डॉ. रामावतार, शिवप्रसाद, राधेश्याम आदि ने बताया कि जिले का एकमात्र कृषि विज्ञान केंद्र बगही में है।
यहां विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध हैं। एक साल पहले केंद्र पर किसानों को खेती के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाता था, लेकिन इस समय केंद्र हमेशा बंद रहता है, जिससे प्रशिक्षण की बात तो दूर किसानों को उचित सलाह भी नहीं मिल रही।
किसानों का कहना है कि कृषि विज्ञान केंद्र पर नर्सरी तैयार करने के लिए अच्छी खासी जमीन है, लेकिन वह खाली पड़ी हुई है। किसानों का कहना है कि अब जब धान की जरई डालने का समय आया तो यहां से उन्नतशील बीज नहीं मिल पा रहा है।
इस संबंध में कृषि विज्ञान केंद्र के अधीक्षक डॉ. रमेश चंद्र वर्मा का कहना है कि कृषि वैज्ञानिक जब क्षेत्र में भ्रमण पर होते हैं तो केंद्र पर नहीं रहते हैं। भ्रमण न करने के दौरान हमेशा केंद्र पर रहकर किसानों को उन्नतशील खेती की जानकारी दी जा रही है।