छेड़खानी के विरोध पर छात्रा को पीटा
- आरोपी के विरुद्ध मारपीट का केस
अमर उजाला ब्यूरो
धनघटा। क्षेत्र के एक गांव की छात्रा के साथ मंगलवार की शाम को युवक ने छेड़खानी करने की कोशिश की। छात्रा ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो आरोपी ने उसकी पिटाई कर दी। पिटाई से छात्रा घायल हो गई और आरोपी मौके से भाग गया। आरोप है कि आरोपी युवक छात्रा का बैग भी साथ उठा ले गया। पुलिस इस मामले में आरोपी के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कर लिया है।
बीए प्रथम वर्ष की छात्रा मंगलवार को साइकिल से धनघटा कोचिंग पढ़ने गई थी। शाम को घर लौट रही थी। अभी वह गांव के करीब पहुंची ही थी। उसी दौरान गांव का एक युवक रोक लिया और उसके साथ छेड़खानी की। उसका आरोप है कि वह जबरियां खेत की ओर ले जाने लगा। विरोध करने आरोपी ने पिटाई की। शोर मचाने पर गांव के लोग दौड़कर पहुंचे तो युवक भाग निकला, लेकिन जाते-जाते साइकिल की हैंडिल में टंगा बैग भी ले गया। छात्रा ने घटना की जानकारी जगदीशपुर पुलिस को दी। पुलिस पहुंची, लेकिन आरोपी नहीं मिला। उल्टे ही युवक के परिवार के लोग छात्रा तथा उसके परिजनों को मारने- पीटने की धमकी दे रहे हैं। बुधवार की सुबह छात्रा अपने पिता के साथ धनघटा थाने पहुंची और एसओ को आपबीती बताई। एसओ अखिलानंद उपाध्याय ने बताया कि इस मामले में आरोपी युुवक के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।