रेल आयुक्त ने मगहर पहुंचकर कबीर को किया नमन
- कबीर की मजार व समाधि पर पुष्प अर्पित किया
संवाद न्यूज एजेंसी
मगहर। कबीर की परिनिर्वाण स्थली मगहर के कबीर चौरा में बुधवार को रेलवे बोर्ड की वित्त आयुक्त मंजुला रंगराजन पहुंची। उन्होंने परिनिर्वाण स्थली को नमन कर कबीर समाधि और मजार पर पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इनके परिनिर्वाण स्थली पहुंचने पर कबीर चौरा मठ के महंत विचार दास ने कबीर की साखी पुस्तक व प्रतीक चिन्ह भेंट किया।
संतकबीर की परिनिर्वाण स्थली मगहर में बुधवार को रेलवे बोर्ड की वित्त आयुक्त मंजुला रंगराजन के आवागमन को लेकर विभाग पूरी तरह से सक्रिय रहा। इन्हें यहां आने में कोई असुविधा न हो, इसको ध्यान में रखकर अधिकारी व कर्मचारी लगे रहे। परिनिर्वाण स्थली पहुंचने पर भव्य स्वागत किया। मंजुला रंगराजन सीधे कबीर की समाधि पहुंची जहां उन्होंने पुष्प अर्पित कर शीश झुकाया। इसके बाद कबीर मजार पर पहुंच मत्था टेका। कबीर चौरा मठ के महंत विचार दास ने उन्हें कबीर के जीवन के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यहां आकर उनका जन्म सफल हो गया। यहां का पर्यावरण स्वच्छ एवं सुखद है। यहां के लोग और वातावरण को देख बहुत खुशी मिली। इस दौरान कबीर चौरा मठ के महंत विचार दास से कबीर चौरा परिसर के विकास पर भी चर्चा की। उन्होंने यहां के विकास में हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इस दौरान चेयरमैन संगीता वर्मा, राजेश उर्फ गुड्डू वर्मा, मुतवल्ली खादिम हुसैन, डॉ. हरिशरण शास्त्री, संत केशवदास, संत अरविंद दास शास्त्री, संत रामशरन दास, विजय तिवारी, अजय कुमार पांडेय, रवि प्रकाश पांडेय, मोनू वर्मा के अलावा रेल विभाग के तारकेश्वर त्रिगुनायक तिवारी, रतन कुमार श्रीवास्तव, बीके श्रीवास्तव, अजय त्रिपाठी, श्याम राज आदि मौजूद रहे।