संतकबीरनगर। राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी), चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा पंचायती राज विभाग के सहयोग से वर्ष 2025 तक राज्य में क्षय रोग उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जिले की 200 ग्राम पंचायतों के टीबी मुक्त होने का दावा किया गया है।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एसडी ओझा ने बताया कि क्षय रोग को वर्ष 2025 तक समाप्त करने तथा क्षय रोग के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए टीबी मुक्त ग्राम पंचायत अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य टीबी रोग के बारे में जागरूकता पैदा करना। टीबी का शीघ्र निदान और उपचार कराया जाय। साथ ही और टीबी रोगियों और उनके परिवारों को सहायता प्रदान किया जाय।
जिले की 200 ग्राम पंचायतों ने खुद के टीबी मुक्त होने का दावा किया है। इस दावे की सत्यता को परखने के लिए जिले के सभी नौ ब्लाॅकों में यह अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के दौरान संबंधित गांव में टीबी के रोगियाें की उपलब्धता देखी जाएगी। हर ब्लाक क्षेत्र में एक-एक टीम बनाई गयी है। यह टीम गांव में जाकर उसके टीबी मुक्ति के दावों की सत्यता की जांच करेंगी। जांच के दौरान संबंधित ग्राम पंचायत अगर मानक को पूरा करती हैं तो उसको टीबी मुक्त ग्राम पंचायत घोषित किया जाएगा।