बीआरसी मेंहदावल सभागार में शिक्षकों को टैबलेट वितरित करते हुए विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी
मेंहदावल। बीआरसी सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत लर्निंग रिसोर्स पैकेज के तहत शुक्रवार को परिषदीय स्कूलों के 42 शिक्षकों को टैबलेट वितरण कार्यक्रम हुआ। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी रहे। इस दौरान उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे नई पीढ़ी को तकनीकी शिक्षा से लैस करें।
टैबलेट वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनिल त्रिपाठी ने कहा कि विभाग में नवाचार के तहत प्राइमरी स्कूल के बच्चों को अब टैबलेट से भी पढ़ाया व समझाया जाएगा। ताकि बच्चे चित्रों के आधार पर विषय वस्तु को आसानी से समझ व सीख सकें। इसके लिए ही परिषदीय शिक्षकों को एक-एक टैबलेट दिए जाने की योजना पर राज्य शिक्षा केंद्र ने काम शुरू कर दिया है।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों पर भविष्य निर्माण की बड़ी जिम्मेदारी होती है। वह आने वाली पीढ़ी को देश के लिए तैयार करने का काम करते हैं। बीईओ ज्ञानचंद्र मिश्र ने बताया कि टैबलेट वितरण का मुख्य उद्देश्य विद्यालय में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, शिक्षकों की उपस्थिति, मिड-डे मील की फोटो एवं सूचना का आदान-प्रदान करना है। विद्यालय के समस्त 14 अभिलेख/रजिस्टर टैबलेट पर उपलब्ध होंगे। दीक्षा के माध्यम से प्राप्त होने वाले वीडियो, प्रेरणा एप पर दी जाने वाली समस्त सूचनाओं का प्रशिक्षण तथा राज्य परियोजना कार्यालय से सीधे वीडियो कॉलिंग के जरिए सूचनाओं का आदान-प्रदान एवम निर्देशन भी किया जा सकेगा। आने वाले समय में शिक्षकों की हाजिरी भी अब इसी के माध्यम से लगेगी।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ब्लॉक अध्यक्ष प्रेमप्रकाश दूबे, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ब्लॉक अध्यक्ष अनूप सिंह, अजय नाथ मिश्रा, गिरिजेशपति त्रिपाठी, सुमन सिंह, सृष्टि पाठक, अलंकृता पाठक, सूर्य बहादुर सिंह, सतीश चंद्र, एआरपी सर्वेश त्रिपाठी, राकेश कुमार आदि मौजूद रहे।