सेमरियावां। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की जिलाध्यक्ष अंबिका यादव ने 22 फरवरी से टेट अनिवार्यता के विरोध में शुरू किए क्रमिक आंदोलन के संबंध में बुधवार को ब्लॉक सेमरियावां के प्राथमिक शिक्षकों के साथ प्रदर्शन किया। इस दौरान टेट की अनिवार्यता को खत्म किए जाने की मांग की।
जिलाध्यक्ष अंबिका देवी यादव ने कहा कि शिक्षक हित में प्रदेश संगठन ने बड़ा फैसला लिया है। टीचर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया टीएफआई के बैनर तले प्रदेश के सभी मान्यता प्राप्त संगठन एक हो गए हैं। टीचर फेडरेशन ऑफ इंडिया के बैनर तले अब वृहद आंदोलन होगा। जिले से लेकर दिल्ली तक संघर्ष की रूपरेखा बनाई गई है। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, उत्तर प्रदेश जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ, महिला शिक्षक संघ और राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ से जुड़े शिक्षक एक होकर टेट अनिवार्यता एवं शिक्षक समस्याओं को लेकर आंदोलन एवं संघर्ष करेंगे।
जिला उपाध्यक्ष जफीर अली ने कहा कि 22 फरवरी को अपराह्न 2 से 4 बजे तक एक्स पर हैसटैग अभियान चलाया जाएगा। 23 फरवरी से 25 फरवरी तक विरोध स्वरूप सभी शिक्षक काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य करेंगे। 26 फरवरी को अपराह्न एक बजे से 4 बजे तक बीएसए कार्यालय पर धरना देकर बीएसए कार्यालय से डीएम कार्यालय तक पैदल मार्च करते हुए डीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया जाएगा। मार्च के तीसरे सप्ताह में नई दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली करके भारत सरकार को ज्ञापन दिया जाएगा। जिला उपाध्यक्ष केसी सिंह ने शिक्षकों से आह्वान किया कि सभी कार्यक्रम में शतप्रतिशत हिस्सा लें। मौजूद शिक्षकों टेट अनिवार्यता समाप्त करो, शिक्षक एकता जिंदाबाद के नारे लगाए।
बैठक में विजयनाथ यादव, मो. आजम, सुएब अहमद, गंगा प्रसाद यादव, नवीन त्रिपाठी, हिमांशु पांडेय, मनोज कुमार अनिल, फूल चंद, राम निहोर, अनीस अहमद, धर्म राज, ज्ञानचंद, शिवप्रसाद गुप्ता आदि मौजूद रहे।