महुली। थाना महुली परिसर में आगामी होली पर्व के मद्देनजर क्षेत्र के समस्त डीजे संचालकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को थानाध्यक्ष दुर्गेश पांडेय के नेतृत्व में की गई। उन्होंने सभी डीजे संचालकों को शासन की मंशानुरूप, ध्वनि प्रदूषण संबंधी मानक तथा न्यायालय के निर्देशों के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि निर्धारित समय सीमा के भीतर ही डीजे या ध्वनि विस्तारक यंत्रों का संचालन किया जाए। उन्होंने हिदायत दी कि मानक से अधिक ध्वनि स्तर (डेसीबल) पर किसी भी प्रकार का संचालन न करें। इसके अलावा किसी भी धार्मिक स्थल, अस्पताल, विद्यालय या संवेदनशील स्थानों के निकट विशेष सावधानी बरतने का निर्देश दिया।
एसओ ने कहा कि शांति व्यवस्था एवं आपसी सौहार्द बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस दौरान उन्होंने सभी डीजे संचालकों से एक लिखित बंधपत्र (बॉन्ड) भरवाया। जिसमें डीजे संचालकों ने यह आश्वासन दिया कि वे शासन एवं न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन करेंगे। किसी भी प्रकार की उल्लंघन की स्थिति में विधिक कार्यवाही के लिए स्वयं जिम्मेदार होंगे। उन्होंने कहा कि होली पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता में है। नियमों का उल्लंघन कत्ई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। थानाध्यक्ष ने क्षेत्रवासियों से होली पर्व को प्रेम, सौहार्द और भाईचारगी से मनाने के साथ, क़ानून और शांति व्यवस्था बरकरार रखने में सहयोग की अपील की।