संतकबीरनगर/मेंहदावल। जिले के परिषदीय स्कूलों में छात्रों का नामांकन बढ़ाने के लिए शिक्षकों के द्वारा तरह तरह के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके तहत परिषदीय स्कूलों में शिक्षकों के द्वारा स्कूल चलो अभियान की रैली निकाली। इसके साथ ही साथ गांव में संपर्क भी किया जा रहा है। इस दौरान पढ़ाई के फायदों के बारे में भी जानकारी दी जा रही है।
नोडल एडीओ एजी अशोक कुमार मिश्र ने बृहस्पतिवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय सांड़ें खुर्द, प्राथमिक विद्यालय सांड़े खुर्द व प्राथमिक विद्यालय सांड़ें कला के संयुक्त स्कूल चलो अभियान रैली में अभिभावकों को जागरूक करते हुए कहा कि शिक्षा समाज की आधारशिला है। नया शैक्षिक सत्र शुरू हो गया है। मैं आह्वान करता हूं कि इस अभियान से जुड़ें व सुनिश्चित करें कि कोई भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित न रहे।
इस दौरान बच्चों व शिक्षकों तथा अभिभावकों की टोलियां नारों के साथ गांव की गलियों में शिक्षा के लिए जागरूकता पैदा करने घूमती रही। अभियान के तहत 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के नामांकन, उपस्थिति और ठहराव बढ़ाने के उद्देश्य से जागरूकता अभियान चलाया गया। नोडल शिक्षक संकुल राकेश कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा के सार्वभौमिक लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु सभी बच्चों को स्कूल भेजना जरूरी है।
इस अवसर पर मोहम्मद असद, दिवाकर विक्रम सिंह, नेहा सिंह, संजय राय, अभिषेक ,बृजेश यादव, धर्मेन्द्र पाण्डेय व श्रीभागवत समेत कई मौजूद रहे।