जीन एक्सपर्ट मशीन का उद्घाटन किया।
- फोटो : अंबरीश मिश्रा
टीबी के मरीजों के रोग प्रतिरोधक क्षमता की जांच अब जिले में हो सकेगी। इसके लिए करीब दो करोड़ की लागत की जीन एक्सपर्ट मशीन जिला क्षय रोग अस्पताल को उपलब्ध हो गई है। बुधवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉक्टर आनंद प्रकाश श्रीवास्तव ने इसका फीता काटकर उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इस मशीन के आने से टीबी के मरीजों को जांच रिपोर्ट के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा, बल्कि दो घंटे से भी कम समय में जांच रिपोर्ट मिल जाएगी, जिससे इलाज में काफी सहूलियतें मिलेगी। उन्होंने कहा कि अभी तक टीबी के मरीजों के प्रतिरोधक क्षमता की जांच के बलगम बाहर भेजना पड़ता था, जिससे जांच रिपोर्ट आने में करीब एक सप्ताह का समय लगता था और जांच में दो हजार रुपये तक खर्च आता था, लेकिन यहां यह जांच पूरी तरह से नि:शुल्क होगी।
जिला क्षय रोग अधिकारी केडी द्विवेदी ने कहा कि जीन एक्सपर्ट मशीन उपलब्ध होने से टीबी से परेशान मरीजों को अब परेशान नहीं होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जांच शुरू करा दी गई है। डॉक्टर नुसरत खान ने बताया कि जीन एक्सपर्ट मशीन टीबी के वैक्ट्रीरिया का डीएनए पहचान लेती है। इससे यह पता चल जाएगा कि टीबी की जो दवा मरीज को दी जा रही है वह काम करेगी या नहीं। उन्होंने बताया कि एक घंटा 50 मिनट में जांच रिपोर्ट उपलब्ध हो जाएगी। कहा कि बाहर से जांच कराने में करीब दो हजार तक खर्च आता रहा है और समय भी अधिक लगता है, लेकिन यहां जांच निशुल्क कराई जाएगी। इस अवसर पर डॉ.आलोक सिंहा, डॉ. मोहम्मद अकरम, सीएचसी खलीलाबाद के अधीक्षक डॉ. रतनलाल, डॉ. अखिलेश कुमार, अभय त्रिपाठी, सुनील त्रिपाठी, संजय कुमार, डॉ. केपी सिंह सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।