हरिहरपुर/ महुली। कुआनो नदी में डूबे युवक तारकेश्वर (3) की तलाश में 48 घंटे बीत गए लेकिन उसका सुराग नहीं लग सका। शनिवार को दिनभर एसडीआरएफ की टीम नदी में डेरा डाले रही लेकिन शाम तक उसके हाथ खाली रहे। युवक का पता न चल पाने के कारण परिजन और ग्रामीण काफी परेशान हैं।
बताते चलें कि गोरखपुर के सिकरीगंज थाना क्षेत्र के बढ़यापार निवासी तारकेश्वर बृहस्पतिवार को महुली थाना क्षेत्र के गुरहवा गांव में अपनी बुआ के घर आया था। कुछ देर बाद वह शौच जाने की बात कहकर घर से निकला। इसके बाद गांव के दक्षिण दिशा में स्थित कुआनो नदी की ओर गया और वह नदी के गहरे कुंड में फिसलकर डूब गया।
विज्ञापन
मौके पर मौजूद एक नाविक के शोर मचाने पर ग्रामीणों को जानकारी हुई। सूचना मिलने पर सीओ अभयनाथ मिश्र, प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र पाठक और एसआई सोमनाथ मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने नदी में जाल डालने के साथ कांटेदार कटिया के सहारे तारकेश्वर की तलाश शुरू की लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान में बाधा आई।
देर शाम तक तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। शनिवार को भी दिनभर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम युवक की तलाश करती रही लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र पाठक ने बताया कि शनिवार को दिनभर एसडीआरएफ की टीम नदी में युवक की तलाश में डटी रही लेकिन युवक का सुराग नहीं मिला। रविवार को फिर से तलाश शुरू कराई जाएगी।