संतकबीरनगर जिले में पांच मरीजों में डेंगू के लक्षण मिले हैं। इन मरीजों को स्वास्थ्य टीम की निगरानी में रखा गया है। इस जानकारी के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया। जिन गांवों के ये मरीज हैं, वहां टीम ने जाकर प्रधान से संपर्क कर दवा का छिड़काव कराया। वहीं सीएमओ ने स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
जिला मलेरिया अधिकारी सुनील चौधरी ने बताया कि डेंगू को लेकर विभाग सतर्क है। सेमरियावां ब्लॉक के भुजैनी और जंगलखुर्द, नाथनगर के मुखलिसपुर, पौली ब्लॉक के दुल्हापार, बेलहर ब्लॉक के पकड़ी आराजी गांव के डेंगू के एक-एक मरीज संदिग्ध मिले हैं। इनकी जांच की जा रही है। स्वास्थ्य टीम इनकी निगरानी कर रही है।
इसके साथ ही मरीजों के गांवों में दवा का छिड़काव कराकर प्रधानों से साफ सफाई रखने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि जून से अब तत पौली के दूल्हापार, नंदौर और पकड़ी आराजी गांव के तीन लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई थी। जिनका इलाज कर दिया गया और वे ठीक हो गए हैं। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि अगर किसी को बुखार हो रहा है तो वे इसे हल्के में मत लें।
इसका तुरंत इलाज कराएं। डेंगू की जांच जिला अस्पताल में उपलब्ध है। इसके लिए अलग वार्ड भी बनाया गया है।सीएमओ डॉ. आनंद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि पांच मरीजों में डेंगू के लक्षण मिले हैं। उन गांवों में दवा आदि का छिड़काव कराया गया है। इसके साथ ही गांव पर स्वास्थ्य टीम विशेष नजर रख रही है। लोगों को चाहिए कि अपने आस पास पानी न इकट्ठा होने दे। उसे तुरंत साफ कर दें।