संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के प्रांतीय आह्वान पर सोमवार को सफाई कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट पर धरना दिया। धरना के बाद दस सूत्री मांगों का ज्ञापन डीएम के जरिए सीएम को भेजा गया।
सफाई कर्मचारी सुबह दस बजे जिलाध्यक्ष परमहंस गौतम के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे और धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि पंचायत विभाग के सफाई कर्मचारियों का नाम पंचायत सेवक किया जाए। सफाई कर्मचारियों के बकाया चिकित्सा प्रतिपूर्ति का बजट समस्त जनपदों में भेजे जाएं। पंचायत विभाग के सफाई कर्मचारियों के ग्राम पंचायत अधिकारी के पदों पर पदोन्नति के अवसर दिया जाए और सफाई कर्मचारियों को ग्रेड पे 1900 दिया जाए। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों से राजस्व गांवों में काम लिया जाए, प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालय का काम न लिया जाए। सफाई कर्मचारियोों का वेतन मद एक हेड में किया जाए आदि मांगों को लेकर धरना समय-समय पर चल रहा है।
इसके बाद भी सरकार मांगों को नजरअंदाज कर रही है। पूर्व प्रदेश कार्यवाहक अध्यक्ष लालचंद चौहान ने खून से हस्ताक्षर कर ज्ञापन प्रेषित करते हुए कहा कि यदि 22 जून तक मांगों को लेकर शासनादेश जारी नहीं हुआ तो दो जुलाई से लखनऊ में धरना दिया जाएगा। धरना में जिला महामंत्री नरेंद्र कुमार, कृष्णकुमार, संजय शर्मा, मानसिंह यादव, राजेंद्र प्रसाद, जुग्गीलाल, राम बचन, कृष्ण कुमार यादव, बाबूलाल, सीताराम, राम सागर, मनोज कुमार चौहान, दिलीप कुमार गुप्ता, ध्रुवचंद कन्नौजिया, विनोद निषाद, राजेेश कुमार, कमलेश कुमार, सजन लाल, रामनिवास गौंड, रामपाल, चंदगीराम, छट़्ठूलाल, विवेक पांडेय और ध्यानचंद्र आदि शामिल थे।