भुजैनी सेंटर पर पुलिस भर्ती की परीक्षा देने के लिए छात्राओं की लगी लाइन।
- फोटो : अमर उजाला
संतकबीरनगर। पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान जिले में एक केंद्र पर दूसरे की जगह परीक्षा दे रहा फर्जी अभ्यर्थी पकड़ा गया। उसे पुलिस अभिरक्षा में कोतवाली ले जाया गया। एएसपी के मुताबिक फर्जी अभ्यर्थी और वह जिसके स्थान पर परीक्षा दे रहा था, दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।
एएसपी असित श्रीवास्तव ने बताया कि जीआर एकेडमी में बने परीक्षा केंद्र पर दूसरी पाली में अभ्यर्थी स्वर्ग कुशवाहा पुत्र सीताराम कुशवाहा निवासी कंचनपुर ननकहवा टोला, तरकुलवा (देवरिया) की जगह फर्जी पहचान पत्र के जरिए परीक्षा दे रहे लालू प्रसाद यादव उर्फ लालकृष्ण पुत्र रामचंद्र उर्फ सत्यनारायण निवासी जिरोगा, थाना अंद्रमठ, मधुबनी (बिहार) को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में लालू प्रसाद यादव ने बताया कि लेखपाल भर्ती परीक्षा के दौरान उसकी जान-पहचान स्वर्ग कुशवाहा से हुई थी। पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा में स्वर्ग कुशवाहा की जगह शामिल होने के लिए एक लाख रुपये में सौदा तय हुआ था। उसने दस हजार रुपये एडवांस भी लिए थे। जबकि 90 हजार रुपये उसे बाद में मिलते। बायोमेट्रिक हाजिरी के दौरान फोटो मिलान करने पर फर्जी अभ्यर्थी पकड़ा गया। एएसपी के मुताबिक स्वर्ग कुशवाहा और फर्जी अभ्यर्थी लालू प्रसाद यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश कोतवाली पुलिस को दिए गए हैं।