डुप्लीकेट मतदाताओं को सत्यापन कर पोर्टल पर कार्रवाई दर्ज न करने पर एसडीएम ने जताई नाराजगी
तीनों ब्लाॅक के बीडीओ व एडीओ पंचायत को सत्यापन कराने के निर्देश
संतकबीरनगर/ सेमरियावां। पंचायत निर्वाचक नामावली के एक से अधिक बार डुप्लीकेट मतदाताओं का सत्यापन कर आयोग के पोर्टल पर स्वीकृति या अस्वीकृति दर्ज करने की कार्रवाई शुरू न होने पर एसडीएम खलीलाबाद ने बघौली, खलीलाबाद व सेमरियावां ब्लाॅक के बीडीओ व एडीओ पंचायत को पत्र जारी कर नाराजगी जताई है। सेमरियावां, बघौली, खलीलाबाद ब्लाॅक में कुल 106234 डुप्लीकेट मतदाता हैं। इन पर आयोग ने संदेह जताया है, सत्यापन करने का निर्देश दिया है।
निर्वाचन आयोग ने एक बार फिर से ग्राम पंचायत की अनंतिम मतदाता सूची में संभावित डुप्लीकेट मतदाता चिह्नित कर उनका सत्यापन कराने के निर्देश दिए हैं। 28 मई तक अनिवार्य रूप से सत्यापन पूरा करने का निर्देश है। इसके लिए मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तिथि बढ़ाकर 10 जून की गई है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से पूर्व ग्राम पंचायतों में मतदाता पुनरीक्षण अभियान इस बार काफी लंबा खिंच गया है। निर्वाचन आयोग ने जहां अनंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन से पहले संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं का सत्यापन कराया था। इसके बाद अनंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया।
इस पर आपत्ति निस्तारण आदि की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। इसी बीच निर्वाचन आयोग ने सूची में ग्राम पंचायत में संभावित डुप्लीकेट चिह्नित कर इनके सत्यापन के निर्देश दिए हैं। इसका सत्यापन अप्रैल के प्रथम सप्ताह में पूरा किया गया। इसमें जो मतदाता फर्जी अथवा डुप्लीकेट पाए गए थे, जिन्हें सूची से हटा दिया गया।
आयोग ने सेमरियावां, बघौली, खलीलाबाद के कुल 106234 संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची भेजकर इनका भी सत्यापन करने के निर्देश दिए हैं। आयोग द्वारा सत्यापन पूरा करने के लिए 28 मई तक तक समय दिया है। अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन की तिथि बढ़ाकर 10 जून कर दी गई है।
0000
सेमरियावां ब्लाॅक में 36714 डुप्लीकेट मतदाता
- बघौली ब्लाॅक में 32491 डुप्लीकेट मतदाता
- खलीलाबाद में 37029 डुप्लीकेट मतदाता
तीनों ब्लाॅक में कुल 106234 डुप्लीकेट मतदाता
एक से अधिक बार अंकित मतदाताओं के नामों की कुल संख्या 106234 है। सभी तीनों ब्लाॅक के बीडीओ व एडीओ पंचायत को निर्देशित किया गया है कि एक से अधिक बार अंकित मतदाताओं के सत्यापन की कार्रवाई 28 मई तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कराई जानी सुनिश्चित करें, ताकि अंतिम प्रकाशन के पूर्व मतदाता सूची की पूर्ण शुद्धता बनी रहे। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
-हृदय राम तिवारी, एसडीएम, खलीलाबाद