संतकबीरनगर। बेलहरकला के बरगदवा खुर्द निवासी सूर्यकांत की हत्या के आरोपियों ने पिता को जानमाल की धमकी दी है। पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर चार आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी ने होने पर पिता ने परिवार समेत कलक्ट्रेट में आत्मदाह की चेतावनी दी थी। लेकिन आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं।
बरगदवा खुर्द गांव निवासी सूर्यकांत मिश्र तीन दिसंबर को अपने घर से निकले थे। चार दिसंबर को उनका शव गांव के सिवान में मिला। पिता चतुर्भुज मिश्र की शिकायत पर पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट न होने के वजह से चिकित्सकों की टीम ने विसरा प्रिजर्व कर दिया। वहीं हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए ग्रामीण और परिजन थाने का घेराव किया। इसके बाद भी गिरफ्तारी न होने पर परिजन कलक्ट्रेट में आत्मदाह की चेतावनी दी। डीएम के समझाने व कार्रवाई के लिए आश्वस्त करने के बाद परिजनों ने आत्मदाह नहीं किया।
अब मृतक सूर्यकांत के पिता चतुर्भुज को हत्यारोपी के परिजनों के धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस को दिए अपने शिकायत में चतुर्भुज ने बताया कि उनके लड़के सूर्यकांत के हत्यारोपी रामनयन पुत्र सुमेसर, धनकेश पुत्र सीताराम, सीताराम की पत्नी, पृथ्वीपाल पुत्र ज्वाला घटना के बाद से ही उनको एवं परिवार को जानमाल की धमकी दे रहे हैं। रात के समय उनको भद्दी-भद्दी गालियां देते हैं। हत्यारोपियों का कहना है कि पहले केस से बरी हो जाएं फिर उनसे निपटते हैं। आरोपी कभी भी घात लगाकर हमला करके किसी भी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकते हैं। तहरीर के आधार पर बेलहरकला पुलिस ने मामले में केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
कोट
सूर्यकांत के पिता ने हत्यारोपियों पर धमकी देने का आरोप मढ़ते हुए शिकायत पत्र दिया है। जिसके आधार पर चार आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
-केशवनाथ, सीओ मेंहदावल