सेंट्रल बैंक आँफ इंडिया के ग्राहक सेवा केंद्र में चोरी के बाद जांच करते एसओ।
पौली/रोसया बाजार। धनघटा थाना क्षेत्र के पौली चौराहे पर संचालित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के ग्राहक सेवा केंद्र में सोमवार की रात चोरों ने शटर का ताला तोड़कर साढ़े चार लाख रुपये चोरी कर लिए। इस मामले की जानकारी धनघटा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस अभी तक मामले की जांच में जुटी हुई है।
धनघटा थानाक्षेत्र के सोनहन गांव के निवासी कादिर हुसेन पुत्र मुबारक हुसैन पौली स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का ग्राहक सेवा केंद्र चलाते हैं। सोमवार की रात लगभग 8 बजे वह केंद्र पर ताला लगाकर घर चले गए। सुबह जब दुकान पर पहुंचे तो देखा कि शटर आधा खुला हुआ है। अंदर पहुंचे तो देखा कि वहां काउंटर में रखे साढ़े चार लाख रुपये चोर उठा ले गए हैं। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने मामले की जांच शुरू की दी।
-
पुलिस ने मामले को बताया संदिग्ध
इस संबंध में धनघटा थानाध्यक्ष रामकृष्ण मिश्र का कहना है कि प्रथम दृष्टया घटना पूरी तरह से संदिग्ध है। जिस काउंटर से रुपये गायब होने की बात कही जा रही है। उस काउंटर में पांच हजार रुपये मिले हैं। अगल-बगल के काउंटरों में भी तीन से चार हजार रुपये बरामद हुए हैं। सुरक्षा के दृष्टिकोण से वहां पर कोई सीसीटीवी कैमरा भी नहीं लगाया गया है। न ही रुपये रखने के लिए कोई सुरक्षित स्थान है। पूरे स्थल की वीडियोग्राफी कराई गई है। लैपटाॅप, मोबाइल व अन्य सामान उसी तरह पड़े हुए हैं। अभी तक उनका केवल 80 हजार रुपये का हिसाब मिला है।
-
पहले भी हुई थी लूट, पकड़े गए थे आरोपी
कादिर हुसैन के ग्राहक सेवा केंद्र पर पहले भी लूट हुई थी। 8 फरवरी 2018 को लुटेरों ने पैसा लेकर जा रहे कादिर के कर्मचारी संजीव की कनपटी पर गोली चलाकर लुटेरों ने 2,53,000 रुपये से भरा बैग लूट लिया था। इस मामले में पुलिस ने आंबेडकरनगर के चार और गोरखपुर के एक लुटेरे को गिरफ्तार किया था। लूट के 1,47,000 रुपये बरामद किए गए थे जो कादिर को सौंप दिया गया था।