संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। बेलहर क्षेत्र के बभनी और आसपास के दो दर्जन गांवों में बिजली की लो-वोल्टेज और ओवरलोडिंग की समस्या जल्द दूर हो सकती है। यहां नया 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र बनाने का प्रस्ताव भेजा गया है।
विद्युत वितरण खंड मेंहदावल के अधिशासी अभियंता अभिषेक सिंह यादव ने बताया कि सात जुलाई को अधीक्षण अभियंता को पत्र भेजकर बभनी में उपकेंद्र निर्माण कराने का आग्रह किया है। अभी बभनी क्षेत्र की बिजली आपूर्ति कुशहरा उपकेंद्र से हो रही है।
कुशहरा से बभनी की दूरी करीब 7-8 किमी है। लंबी दूरी के कारण उपभोक्ताओं को लगातार कम वोल्टेज की शिकायत मिल रही थी।अधिशासी अभियंता के अनुसार कुशहरा उपकेंद्र पर लगे 10 एमवीए और 5 एमवीए के ट्रांसफाॅर्मर पर पिछली गर्मी में पीक लोड क्रमशः 270 और 192 एम्पियर तक पहुंच गया था। वहीं 11 केवी रमवापुर फीडर पर भी लोड 190 एम्पियर तक चला गया था। इससे फाल्ट और ट्रिपिंग की समस्या बढ़ गई थी।
पूर्व विधायक ने की थी पहल ः पूर्व विधायक राकेश सिंह बघेल ने करीब एक साल पहले पावर कार्पोरेशन के अध्यक्ष को पत्र लिखकर बभनी में पावर हाउस की मांग उठाई थी। उस समय तत्कालीन अधिशासी अभियंता पीके गुप्ता ने भी प्रस्ताव भेजा था। जुलाई में पूर्व विधायक ने फिर पत्र लिखा, जिसके बाद नया प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है।ध