यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के आवेदन पत्र जमा करने की तिथि बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही कक्षा नौ और 11 में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के अग्रिम पंजीकरण की तिथि बढ़ाते हुए सात अक्टूबर निर्धारित कर दी गई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक शिव कुमार ओझा ने बताया कि शासन ने पत्र भेज कर सूचित किया है कि अगस्त में प्रदेश के विभिन्न जनपदों में आई भीषण बाढ़ की भयावह स्थिति को देखते हुए छात्रहित को दृष्टिगत रखते हुए विशेष परिस्थितियों में वर्ष 2017 के परीक्षा आवेदन तथा कथा नौ एवं 11 के अग्रिम पंजीकरण की तिथि बढ़ा दी गई है।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में सम्मिलित होने वाले संस्थागत एवं व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के परीक्षा शुल्क संस्था के प्रधान द्वारा चालान के माध्यम से कोषागार में जमा करने एवं वेबसाइट पर आनलाइन अपलोड करने की अंतिम तिथि अब 22 सितंबर निर्धारित कर दी गई है। इसके साथ ही कक्षा नौ और 11 में अध्ययनरत छात्र छात्राओं के अग्रिम पंजीकरण शुल्क संस्था के प्रधान द्वारा चालान के माध्यम से कोषागार में जमा करने एवं वेबसाइट पर लोड करने की अंतिम तिथि सात अक्टूबर निर्धारित है। उन्होंने समस्त प्रधानाचार्यों से समय के अंदर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा है।