संतकबीरनगर। राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में अब विज्ञान और गणित क्लब बनाए जाएंगे। शिक्षक इसके जरिये छात्रों की इन दोनों विषयों में अभिरुचि बढ़ाने का काम करेंगे। क्लब के अध्यक्ष और सचिव दोनों विषयों के 11वीं और 10वीं के मेधावी विद्यार्थी होंगे जबकि प्रधानाचार्य संरक्षक की भूमिका में रहेंगे।
जिले में माध्यमिक शिक्षा परिषद अंतर्गत 20 राजकीय विद्यालय संचालित हैं जिनमें करीब 15 हजार छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। इसमें से 19 राजकीय हाईस्कूल और एक राजकीय बालिका इंटर कॉलेज शामिल हैं। छात्रों में नवाचार को बढ़ावा देने के लिए अब राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में विज्ञान और गणित क्लब का गठन किया जाएगा। क्लब में इन दोनों विषयों के होनहार छात्र-छात्राओं को शामिल किया जाएगा।
क्लब का अध्यक्ष 11वीं के उस मेधावी छात्र को बनाया जाएगा, जिसने 10वीं में विज्ञान व गणित में सर्वाधिक अंक हासिल किए हैं। जबकि क्लब का सचिव कक्षा 10 का वह छात्र होगा, जिसने नौवीं में विज्ञान व गणित में सर्वाधिक अंक हासिल किए थे।
जिला विद्यालय निरीक्षक हरिशचंदनाथ ने बताया कि बच्चों में नवाचार को बढ़ावा देने के विज्ञान व गणित क्लब का गठन किया जाएगा। इसमें इन विषयों के मेधावी छात्र-छात्राओं को शामिल किया जाएगा। सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को इसके गठन को लेकर निर्देश दे दिए हैं।