संतकबीरनगर। जिले के 18 पीएमश्री परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र छात्राओं को सफाई और स्वच्छता का पाठ पढ़ाया जाएगा। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से स्वच्छता पखवाड़े का आयोजन किया जाएगा। साथ ही विद्यार्थियों को सफाई और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा।
जिले में 1247 परिषदीय व कंपोजिट विद्यालय संचालित हैं। इनमें छात्रों को शिक्षा के साथ साफ-सफाई और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। पीएमश्री योजना में शामिल जिले के 18 विद्यालयों में स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। जिसमें शपथ, स्वच्छता स्वच्छता जागरुकता, ग्रीन स्कूल मुहिम, सामुदायिक सहभागिता, हाथ धुलाई, स्वच्छता प्रतिभागिता, व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छ विद्यालय प्रदर्शनी, स्वच्छता कार्यकलाप दिवस मनाए जाएंगे। विद्यालयों में साफ-सुथरे परिसर व स्वच्छ शौचालय विषय पर प्रतियोगिताएं होंगी। सफाई और स्वच्छता की आदतों पर निबंध, स्लोगन, कविता लेखन, पेंटिंग, भाषण, प्रश्नोत्तरी और मॉडल बनाने की प्रतियोगिता भी होगी। इसके बाद पुरस्कार वितरण किया जाएगा। बताया कि इसके लिए सभी स्कूलों को बजट आवंटित किए जाएंगे। प्रति स्कूल को 7500 रुपये भेजे जाएंगे। स्वच्छता पखाड़ा शुरू करने के लिए जल्द ही तिथि जारी कर दी जाएगी। बीएसए अमित कुमार सिंह ने बताया कि सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देश दे दिए गए हैं।