परिषदीय विद्यालयों में पढ़ाई छोड़ने वाले बच्चों पर शिक्षक रखेंगे नजर
अभिभावकों से संपर्क करके स्कूल लाने का करेंगे प्रयास
मेंहदावल। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ाई छोड़ने वाले विद्यार्थियों पर खास नजर रखी जाएगी। इस शैक्षणिक सत्र से ऑनलाइन सिस्टम शुरू करने की तैयारी है, ताकि हर छात्र की हाजिरी रिकाॅर्ड सुरक्षित रहे। ऐसे बच्चों को जल्दी चिह्नित कर उन्हें फिर से स्कूल से जोड़ा जा सकेगा। उनकी पढ़ाई बीच में न छूटे।
यदि छात्र लगातार गैरहाजिर रहता है तो शिक्षक अभिभावकों से मिलकर उन्हें फिर से स्कूल लाने का प्रयास करेंगे, अन्यथा की स्थिति में इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को देनी होगी।
बीईओ महेंद्रनाथ त्रिपाठी ने बताया कि ब्लॉक 116 परिषदीय और एक कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में करीब 12 हजार बच्चे अध्ययन हैं। इन सभी बच्चों को यू-डायस पोर्टल से जोड़ा जा रहा है। हर छात्र का पूरा ब्योरा ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा। इसमें नामांकन से लेकर प्रतिदिन की उपस्थिति और पढ़ाई की प्रगति तक की जानकारी उपलब्ध रहेगी।
नई व्यवस्था में शिक्षकों की जिम्मेदारी भी तय कर दी गई है। उन्होंने बताया कि कोई छात्र स्कूल नहीं आता है तो शिक्षक को उसका कारण यू डायस पोर्टल पर दर्ज करना होगा। विद्यालय से लगातार अनुपस्थित होने पर उन्हें बच्चों के घर जाकर अभिभावकों से बात करनी होगी और उसे फिर से स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करना होगा।
इस सिस्टम के तहत हर छात्र की दैनिक हाजिरी ऑनलाइन दर्ज की जाएगी, जिससे निगरानी और आसान हो जाएगी। नई व्यवस्था लागू होने से स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति पर नियमित नजर रखी जा सकेगी। यदि शिक्षकों के अभिभावकों से संपर्क करने के बाद भी छात्र स्कूल नहीं आता है तो पोर्टल में जानकारी के साथ लिखित में इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को देनी होगी।