धनघटा। हैंसर बाजार क्षेत्र के निरंजनपुर निवासी बाबा के कर्म में दरवाजे की सफाई और जूठा पत्तल उठाने सफाईकर्मी नहीं पहुंचे तो व्यक्ति ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर सफाई कर्मियों को मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने इस मामले में दो नामजद समेत पांच अज्ञात के विरुद्ध दलित उत्पीड़न समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
सफाईकर्मी रवि शंकर, भीमावती गौतम, कृष्ण मुरारी, विनोद का कहना है कि 19 अक्तूबर को निरंजनपुर में रोस्टर के तहत सफाई कार्य करने गए थे। उसी समय गांव के रहने वाले आशुतोष पांडेय, संतोष अपने चार-पांच सहयोगियों के साथ पहुंचे और बोले की कल हमारे बाबा का कर्म था। दरवाजे की सफाई और जूठा पत्तल उठाने के लिए तुम सफाई कर्मियों को बुलाया गया था। इतना कहने के बाद आरोपी सफाई कर्मियों को जातिसूचक अपशब्द कहते हुए मारने-पीटने लगे।