स्कूल में ढोनी पड़ती है ईंट, विरोध पर पिटाई
- मौलाना आजाद इंटर कॉलेज के छात्रों ने डीएम को बताई व्यथा
- जिलाधिकारी ने डीआईओएस को सौंपी मामले की जांच
पुनीत कुमार मिश्र
संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर में स्थित मौलाना आजाद इंटर कॉलेज में पढ़ने वाले छात्रों से ईंट ढोने का काम कराया जाता है। मना करने पर छात्रों की पिटाई भी की जाती है। इतना ही नहीं शिकायत करने पर नाम काटने की धमकी भी दी जाती है। इससे यहां पढ़ने वाले छात्र सहमे हुए है। वहीं कुछ छात्रों ने इसकी शिकायत डीएम से की है। डीएम ने मामले की जांच डीआईओएस को सौपी हैं।
मौलाना आजाद इंटर कॉलेज खलीलाबाद में बाउंड्रीवाल का निर्माण चल रहा है। विद्यालय में 1322 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं। कुछ छात्रों ने शनिवार को डीएम से शिकायत किया कि विद्यालय में निर्माण कार्य में छात्रों से ईंट ढुलवाया जाता है। विरोध करने पर पिटाई की जाती है और शिक्षक गाली भी देते हैं। छात्रों का आरोप है कि शुक्रवार को शिक्षकों ने उनसे ईंट ढोने को कहा, मना करने पर छह-सात शिक्षक आए और काम न करने वाले छात्रों की पिटाई करना शुरू कर दिए। इससे कुछ छात्रों के हाथोें में चोटें भी आई है। शिक्षकों ने धमकी दी कि अगर बाहर जाकर किसी से बताया तो नाम काट कर विद्यालय से निकाल दिया जाएगा। आरोप है कि विद्यालय में पढ़ाई कम छात्रों से निजी कार्य ज्यादा कराया जाता है। छात्रों ने डीएम से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
आरोप बेबुनियाद
छात्रों का आरोप बेबुनियाद है। विद्यालय में सिर्फ पढ़ाई का कार्य होता है। इस समय बाउंड्रीवाल का कार्य चल रहा र्है। इंट आई थी जो कार्य स्थल तक नहीं पहुंच पाई तो उसे गेट पर उतरवा दिया गया। बच्चों ने श्रमदान कर उसे कार्य स्थल तक पहुंचाया। मामले की जांच करा ली जाए। जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी।
- यूनूस अख्तर, प्रधानाचार्य
0000000000
मामला गंभीर: डीआईओएस
डीआईओएस गिरीश कुमार सिंह ने कहा कि छात्रों से ईंट ढुलवाना गलत है। विद्यालय शिक्षा का मंदिर है। यह कदापि नहीं होना चाहिए। मामला गंभीर है। इसकी जांच कराई जाएगी। उसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
000000000
डीआईओएस को सौंपी जांच
छात्रों से स्कूल र्में इंट ढुलवाई कराना उचित नहीं है। ऐसा आरोप कुछ छात्र लगाए है, जिसकी जांच डीआईओएस को सौंप दी गई है। डीआईओएस को निर्देश दिए गए है कि जांच में यदि बात सामने आती है तो संबंधितों पर कार्रवाई कराते हुए उन्हें अवगत कराएं।
- रवीश गुप्त, डीएम