- यू ट्यूब के जरिये विषयवार लेक्चर देखकर कर रहे हैं तैयारी
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए जिलेभर में छात्र-छात्राएं तैयारियों में जुट गए हैं। परीक्षा की तारीख घोषित होने के बाद स्कूलों और कोचिंग संस्थानों में पढ़ाई की रफ्तार और तेज हो गई है। अब बच्चे पारंपरिक पढ़ाई के साथ-साथ डिजिटल माध्यमों का भी सहारा लेकर अपनी तैयारी को मजबूत कर रहे हैं। बच्चों का प्रयास है कि परीक्षा में अच्छे अंक हासिल किए जाएं।
जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर छात्र-छात्राएं अब यूट्यूब पर विषयवार लेक्चर देखकर कठिन टॉपिक समझ रहे हैं। कुछ छात्र इंस्टाग्राम, फेसबुक और अन्य प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध एजुकेशनल पेजों को फॉलो कर महत्वपूर्ण नोट्स और टिप्स ले रहे हैं। व्हाट्सएप ग्रुप में मॉडल पेपर और महत्वपूर्ण प्रश्नों का आदान-प्रदान लगातार जारी है। 10 वीं की छात्रा श्रुति बताती हैं कि इससे अलग-अलग प्रश्न पैटर्न की जानकारी मिल रही है, जो परीक्षा में बेहद उपयोगी साबित हो रहा है।
इसके अलावा ऑनलाइन टेस्ट सीरीज और प्रैक्टिस क्विज भी छात्र-छात्राओं की तैयारी को और धार दे रहे हैं। छात्र एप और वेबसाइटों के जरिये रोजाना अभ्यास टेस्ट देकर अपनी कमजोरियों को पहचान रहे हैं और उनमें सुधार कर रहे हैं।
तैयारी करें लेकिन सोशल मीडिया पर आश्रित न रहें : अभिषेक सिंह
एचआर इंटर काॅलेज के शिक्षक अभिषेक सिंह का कहना है कि सोशल मीडिया ज्ञान का एक माध्यम है। यहां पर परिमार्जित जानकारियों का अभाव है। परिमार्जित जानकारियों को प्राप्त करने का माध्यम है कि किताबों से भी उसका मिलान किया जाय। केवल उसी पर आश्रित रहने से नुकसान हो सकता है। फैक्ट चेक करना बहुत ही आवश्यक होता है।